मेरठ (युग करवट)। रैपिडएक्स के कॉरिडोर कंस्ट्रक्शन की साइट पर आज सुबह बड़ा हादसा होते-होते बच गया। साइट पर काम करते समय अचानक पिलर का लेंटर गिर गया। लेंटर गिरने से 8 मजदूर बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को केएमसी हॉस्पिटल बागपत रोड थाना क्षेत्र टीपी नगर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक शताब्दी नगर की साइट पर एलएंडटी कंपनी का स्लैब डालने का काम चल रहा है। साइट पर रात 12 बजे से कंक्रीट डालने का काम चल रहा था। आज सुबह लगभग 3 बजे उसका टेम्पररी सपोर्ट स्ट्रक्चर नीचे आ गया। इससे काम में लगे 8 लोगों में से 2 मजदूरों को चोटें आईं और उन्हें तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त आम जनता नहीं थी। दूसरे सपोर्ट स्ट्रक्चर सेफ्टी बैरीकेड एरिया के अंदर गिरा। सेफ्टी बैरीकेड एरिया के बाहर किसी को चोट नहीं आई। दरअसल घटना के समय क्रेन ढांचे के ऊपर सरिया पहुंचा रही थी तभी ऊपरी हिस्से से लोहे का स्ट्रक्चर उलझ गया और पूरा स्लैब गिर गया। घायलों में धीरज पुत्र दुर्गा दल निवासी राजगढ़ मंडी हिमाचल प्रदेश, सुरजीत कुमार पुत्र उमेश पासवान निवासी भोजपुर बिहार, राम इकबाल पुत्र बालकरण निवासी बहराइच उद्धव जिला देवरिया उत्तर प्रदेश, धर्मेंद्र पुत्र नर्मदा यादव निवासी बहराइच, चंदन कुमार पुत्र सुरेश शाह निवासी भोजपुर बिहार, भोला पुत्र जयवीर पासवान निवासी भोजपुर बिहार गंभीर रूप से घायल हैं। सोनू कुमार पुत्र श्याम बिहारी निवासी गाजीपुर, विद्यासागर पुत्र विनोद पासवान निवासी भोजपुर बिहार का रहने वाला है। भोला की हालत ज्यादा गंभीर है।