युग करवट ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी पर मेयर चुनाव में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। आप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मेयर मिलने तक यह संघर्ष चलता रहेगा।
उन्होंने आप पार्षदों पर नगर निगम के सदन में हंगामा व नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। कहा, दिल्ली को मेयर मिलना चाहिए और इसके लिए आप के पार्षदों को मर्यादा में रहना होगा। यदि नहीं रहेंगे तो भाजपा को मर्यादा में रखने के दूसरे तरीके आते हैं।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आप पार्षदों ने भाजपा की महिला पार्षदों पर हमला किया है। उन्हें कानून की मार पड़ेगी। भाजपा उम्मीदवार रेखा गुप्ता मेयर बनेंगी। अन्य पदों पर भी भाजपा उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित है। उधर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।