युग करवट ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं। आज सुबह गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगा। मौके पर मौजूद अधिकारियों को सीएम ने निर्देश दिया कि हर किसी के साथ न्याय होना चाहिए। पीडि़तों को थाने में ही हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को जेल में डाला जाए। उन्होंने 300 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी। आज सुबह हमेशा की तरह तडक़े अपने आवास से निकलने के बाद योगी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर शीश नवाया। मंदिर परिसर के भ्रमण और गोसेवा के बाद वह हिंदू सेवाश्रम गए, जहां सुबह से ही अपनी समस्या बताने के लिए लोग उनका इंतजार कर रहे थे। वहां आए हर-एक के पास खुद पहुंचकर उनका प्रार्थना-पत्र लिया। प्रशासन से जुड़े मामलों का समस्यात्मक आवेदन पत्र उन्होंने जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश को दिया।