नई दिल्ली (युग करवट)। पंजाब के बठिंडा में स्थित मिलिट्री स्टेशन आज सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा उठा। तडक़े साढ़े चार बजे करीब अचानक गोलियां चलने लगीं। इस गोलीबारी में आर्टिलरी यूनिट के चार जवानों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। गोलीबारी की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। छावनी के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। पुलिस ने इसे आतंकी घटना मानने से इनकार किया है। सूत्रों के हवाले से कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, यह एक आंतरिक मामला लगता है, बीते दो दिनों से राइफल और कारतूस गायब हैं। मिलिट्री स्टेशन में ऐसे इलाके की तलाशी ली जा रही है, जहां सघन वृक्षारोपण है। भारतीय सेना अध्यक्ष थोड़ी देर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने पंहुच रहे हैं। भारतीय सेना ने बताया कि गोलीबारी में मारे गए जवानों के परिजनों को घटना की जानकारी दी जा चुकी है। भारतीय सेना ने गोलीबारी की घटना की जानकारी दी है। सेना ने बताया कि गोलीबारी में आर्टिलरी यूनिट के चार जवानों की मौत हो गई। कर्मियों को कोई चोट या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग के बाद इसके सभी गेट बंद कर दिए गए हैं।