नोएडा (युगकरवट)। उत्तर प्रदेश मे मिशन शक्ति के विशेष अभियान के तहत आज से चौथा चरण शुरू किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन से इसका शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सेक्टर 108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में देखा गया। इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह तथा पुलिस के आला अधिकारी मौजूद रहे। मिशन शक्ति के चतुर्थ चरण के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर आज सुबह को गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने पुलिस उपायुक्त कार्यालय ग्रेटर नोएडा से सुबह 8:30 बजे एक महिला सुरक्षा रैली निकाली जो 11 बजे के करीब पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर 108 पहुंची।
इस अवसर पर बोलते हुए डॉक्टर महेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर काफी संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर हाल में महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करना चाहती है। पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए गौतम बुद्ध नगर पुलिस कई मोर्चे पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि हर थाने में महिला हेल्प डेस्क शुरू की गई है। महिलाओं की समस्याओं को निराकरण करने के लिए एक अलग से सेल का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस कई जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने कहा कि महिला संबंधित अपराधों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द सजा हो सके, इसके लिए पुलिस कोर्ट मे प्रभावी पैरवी कर रही है, जिसके चलते कई आरोपियों को सजा हुई है।