वरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। महानगर के महापौर समर में समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में कूद चुकीं नीलम गर्ग ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने महापौर के चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत का दावा किया है और कहा है कि जीत के बाद महानगर के हर गली, मोहल्ले और कॉलोनी का बिना भेदभाव समुचित विकास उनकी प्राथमिकता होगी। सपा की महापौर प्रत्याशी ने कहा है कि महापौर बनते ही वे डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए लिए जा रहे शुल्क से शहर की जनता को मुक्ति दिलाएंगी। नीलम गर्ग ने कहा है कि महानगर के हालात सभी के सामने हैं। शहर में आज भी जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। महानगर की ओर फोकस किया जाए तो पॉश कॉलोनियां तो चमचमाती नजर आती हैं, लेकिन मलिन बस्तियों में रहने वाली जनता आज भी नरकीय जीवन जीने पर मजबूर है। नगर निगम बनने के बाद से वहां भाजपा की सरकार रही है। महानगर में लगातार भाजपा के मेयर जीतते आए हैं। भाजपा ने शहर को दो भागों में विभाजित कर दिया है, जहां पॉश कॉलोनियों में विकास कराया जाता है, वहीं मलिन बस्तियों के साथ भेदभाव किया जाता है। समाजवादी पार्टी की महापौर प्रत्याशी ने कहा है कि यदि महानगर की जनता उन्हें जिताकर मेयर जैसे सम्मानित पद पर बिठाती है तो सर्वप्रथम जनता के विश्वास पर खरा उतरा जाएगा। सपा प्रत्याशी ने कहा है कि सताजवादी पार्टी का पूरा संगठन और सहयोगी पार्टी रालोद का पूरा संगठन उनके साथ खड़ा है। इस बार महापौर के चुनाव में समाजवादी पार्टी भारी अंतर से चुनाव जीतेगी और शहर की जनता की खुशहाली के लिए काम किया जाएगा।