भोपाल (युग करवट)। मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान आज सुबह सात बजे से शुरू हो चुका है। इस बार कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का भविष्य दांव पर है। बीजेपी के केंद्रीय मंत्रियों और चार सांसदों के राजनीतिक भविष्य के लिए यह चुनाव अहम है। शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा सीट पर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आमने सामने हो गये। यहां कई बूथों पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना भी मिली जिस कारण मतदान बाधित रहा। कई बूथों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने भी आ गये। उधर छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए भी आज मतदान हो रहा है। 7 नवंबर को पहले चरण में 20 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था। बची सभी 70 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इनमें पाटन, अंबिकापुर और सक्ती विधानसभा समेत कई सीटों पर कांटे की टक्कर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर लगी है।