गाजियाबाद। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित अमरेश शर्मा ने भाजपा के महानगर संगठन पर नगर निगम चुनाव में सामान्य वर्ग की सीटों पर धन एवं बल के आधार पर अन्य वर्ग के लोगों को पार्षद का टिकट देने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पार्टी हाईकमान से मांग की है कि ऐसे नेताओं और पदाधिकारियों को तुरंत भाजपा से बाहर निकाला जाए। अन्यथा, 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
प्रेसवार्ता में अमरेश शर्मा ने कहा कि भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा नगर निगम चुनाव में धन और बल के आधार पर टिकट वार्डों में टिकटों का वितरण किया। टिकट वितरण में सामान्य वर्ग की सीटों पर सामान्य वर्ग का हक छीनने का काम महानगर संगठन की ओर से किया गया। नगर निगम में 100 वार्डों में से 50 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित किए गए थे। आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों को उल्लंघन करते हुए महानगर संगठन ने मात्र 23 वार्डों में सामान्य वर्ग के लोगों को को टिकट दिया। 27 वार्डों में दूसरे वर्गों से आने वाले लोगों को टिकट दिए गए। उन्होंने मांग की कि नगर निगम चुनाव में इस टिकटों में हुए भ्रष्टाचार के दोषी भाजपा के पदाधिकारियों एवं नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए। प्रेसवार्ता में लखीराम शर्मा, रमाकांत पांडे, टीआर पांडे, कर्मवीर शर्मा, राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।