नोएडा (युग करवट)। बुलेट पर सवार होकर जा रहे भाजपा नेत्री के बेटों को पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका तो उसने पुलिस पर जान से मारने की नियत से पिस्टल लगा दी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने भाजपा नेत्री के बेटे सहित दो को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक विदेशी पिस्टल, देसी तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि बीती रात को थाना पुलिस सेक्टर 8 के पास गश्त कर रही थी, तभी एक बुलेट मोटरसाइकिल पुलिस को आती हुई दिखाई दी। मोटरसाइकिल के पीछे नंबर प्लेट की जगह गुर्जर हिंदू तथा आगे बॉस लिखा हुआ था। जैसे ही पुलिस ने उन्हें चेकिंग के लिए रोका युवको ने पुलिस वालों पर पिस्टल और तमंचा तान दिया। उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र प्रमोद भाटी तथा शुभम झा पुत्र शंभू नाथ झा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इन आरोपियों ने वर्ष 2017 में खोड़ा थाना में तैनात पुलिसवालों के साथ मारपीट की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौरव भाटी की मां उषा भाटी महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष खोड़ा के पद पर हैं। बताया जाता है कि आरोपी को छुड़वाने के लिए भाजपा के कई नेताओं ने पुलिस पर दबाव बनाया लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी।