नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नेहरू नगर स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में महिला कार्यकर्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने पर प्रधानममंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद जताया। इस सम्मेलन में शहर, मुरादनगर और साहिबाबाद विधानसभा से बडी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा की प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक अजीत पाल त्यागी ने दीप प्रज्जवलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि अर्चना मिश्रा ने कहा कि पीएम मोदी ने नारी शक्ति वंदन विधेयक लागू कराकर देश की महिलाओं को और भी सशक्त बनाने का काम किया है।
वर्तमान में लोकसभा में कुल सदस्यों की संख्या ५४३ है और महिलाओं की ८२ है, अधिनियम के लागू होने के बाद महिलाओं की संख्या १८१ हो जाएगी। राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार महिलाओं को हर क्षेत्र में सशक्त बनाने में जुटी है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर से लेकर राजनीति में भी उनकी भूमिका को मजबूती देने का काम कर रही है। शहर विधानसभा संयोजिका डॉ.उदिता त्यागी ने कहा कि इस सम्मेलन के जरिए महिला कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है जिन्होंने राजनीति में भी उनकी भूमिका को विस्तार देने का काम किया है। शहर विधायक अतुल गर्ग, विधायक मंजू सिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, गोपाल अग्रवाल, सुशील गौतम, प्रदीप चौधरी मौजूद रहे। इस अवसर डॉ.मधु पोद्दार, महानगर संयोजिका रनिता सिंह, मुरादनगर संयोजिका कविता सिरोही, साहिबाबाद विधानसभा संयोजिका अंजना त्यागी, डॉ.रिचा भदौरिया, लवली कौर, प्रियंका प्रियदर्शी, वर्षा हजेला, ममता गर्ग, प्रीति चंद्रा, रेनू चंदेला,कल्पना पाण्डेय, पायल खत्री, प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।