प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम ने अब बकाया टैक्स नहीं देने वालों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में नगर निगम प्रशासन की टीम ने चार मकानों पर पैसा अदा नहीं करने के मामले में बकाया पैसे का नोटिस चस्पा किया है। इसके बाद बकाया का चेक नगर निगम को दिया गया, वहीं दूसरी ओर अब कविनगर की तर्ज पर बाकी नगर निगम की जोन में भी इसी तरह से अभियान चलाया जाएगा। निगम की कविनगर जोन की ओर से बकाएदारों के खिलाफ अभियान के दौरान 4 मकानों पर बकाया का नोटिस चस्पा किया गया। इनमें मकान नंबर सी-179/2, सी-168 आदि शामिल हैं। इन पर करीब 35 हजार से लेकर करीब 62 हजार रुपये तक का टैक्स बकाया था। नगर निगम ने पहले भी इन सभी मकान मालिकों को डिमांड नोटिस जारी किया था। डिमांड नोटिस जारी होने के बाद भी बकाएदारों ने नगर निगम को उनका पैसा अदा नहीं किया। ऐसे में नगर निगम प्रशासन ने प्रॉपर्टी को सील करने का नोटिस मकानों पर चस्पा कर दिया। कविनगर जोनल प्रभारी सुनील राय ने बताया कि नोटिस के चस्पा होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने बकाया की वसूली की। उनका कहना है कि ऐसे बकाएदार जो नगर निगम का पैसा अदा नहीं कर रहे हैं वे तुरंत नगर निगम को बकाया लौटाएं, नहीं तो नगर निगम बकाएदारों की प्रॉपर्टी को सील करने की कार्रवाई करेगा।