प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अगले महीने से शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण होने जा रहा है। स्वच्छ को लेकर अब नगर निगम प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है। इसी क्रम में अब नगर निगम शहर के सभी बाजारों को बारी-बारी से प्लास्टिक फ्री बनाने की कोशिश में जुट गया है। निगम ने इसकी शुरूवात मोहननगर जोन स्थित श्यामपार्क एक्सटेंशन मार्केट से की है। इस मार्केट में कभी प्लास्टिक यूज होती थी। नगर निगम काफी समय से यहां लोगों के बीच जागरूकता अभियान चला रहा था। इसी अभियान की सफलता के कारण यह पहला मार्केट बन गया है जहां प्लास्टिक फ्री बाजार हो गया है। नगर निगम के हेल्थ अफसर डॉ. मिथिलेश कुमार का कहना है कि मोहननगर जोन के बाकी बाजारों को भी नगर निगम इसी तरह से प्लास्टिक फ्री बनाएगा। इन मार्केट में शालीमार गार्डन, शालीमार एक्सटेंशन आदि शामिल हैंै। इनके अलावा जल्दी ही इसी तरह से वसुंधरा, सिटी जोन, विजयनगर और कविनगर जोन के मार्केट को भी इसी तरह से प्लास्टिक फ्री किया जाएगा। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम की यह तैयारी है। इस सर्वेक्षण में कितने लोग प्लास्टिक यूज नहीं करते है उसके भी अलग से नंबर मिलते है। इसी को लेकर नगर निगम लोगों को जागरूक कर रहा है कि वह प्लास्कि या प्लास्टिक से बनी पॉलिथीन आदि का यूज न करें। अगर बाजार से उन्हें कोई सामान लेना है तो वे कपड़े के बने थैले का यूज करें। नगर निगम का कहना है कि उनकी इस मुहिम का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है।