नोएडा (युग करवट)। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मूल रूप से जनपद बदायूं के रहने वाला निरेश (25 वर्ष) की नीतू से शादी हुई थी। वह देवला गांव में अपनी पत्नी के साथ रहता था। उन्होंने बताया किसी इसी बीच नीतू के सतपाल नामक युवक से अवैध संबंध बन गए। सतपाल से निरेश ने 5 लाख रुपए उधार लिये थे। वह निरेश से अपने पैसे वापस मांग रहा था।
इस बात को लेकर दोनों में तनातनी हो गई। उन्होंने बताया कि इसी बीच नीतू ने अपने पति को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उसने अपने प्रेमी सतपाल और उसके एक अन्य साथी के साथ मिलकर 13 फरवरी की रात को गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद महिला अपने पति के शव को लेकर जनपद बदायू गई तथा उसने अपने ससुराल पक्ष के लोगों से कहा कि उनकी अचानक मौत हो गई है। ससुराल पक्ष के लोगों को शक हुआ तथा उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि मृतक की गला घोटकर हत्या की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि 16 फरवरी को मृतक के चाचा ने थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज करवाया। उन्होंने बताया कि आज पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसका प्रेमी सतपाल और एक अन्य व्यक्ति फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।