नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वण् हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा का प्रदेश के विकास के लिए विजन स्पष्ट था। उन्होंने देश की आजादी के विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान व बाद में भी देश की आजादी के लिए विभिन्न आंदोलनों में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। प्रयागराज और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उनका विजन बहुत स्पष्ट था। ऐसे में अनेक दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर उन्हे स्वतंत्र भारत के रूप में प्राप्त हुआ। वह मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश और देश की सेवा के लिए सदैव स्मरण किए जाएंगे। इस दौरान सीएम योगी के साथ मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख गृह सचिव संजय प्रसाद समेत तमाम अधिकारियों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये।