नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्होंने कहा कि नया भारत कमाल कर रहा है। देश की बेटियां हर तरफ अपना परचम लहरा रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज के इस रोजगार मेले में जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले हैं, उन सभी को बहुत बहुत बधाई। आप सभी ने कड़े परिश्रम से ये सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस सफलता का आपके जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से कहा कि देश भर में आज गणेश उत्सव की धूम चल रही है। इस पावन काल में आप सभी के नए जीवन का श्रीगणेश हो रहा है।
बता दें, रोजगार मेला देशभर के 46 स्थानों पर आयोजित किया गया था। आज हमारा देश ऐतिहासिक उपलब्धियों और फैसलों का साक्षी बन रहा है। कुछ दिन पहले ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में देश की आधी आबादी को बहुत बड़ी ताकत मिली है। 30 वर्षों से महिला आरक्षण का जो विषय लंबित था, वो अब रिकॉर्ड मतों के साथ दोनों सदनों से पास हुआ है। ये निर्णय देश की नई संसद के पहले सत्र में हुआ है। एक तरह से नई संसद में देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है।