नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना कभी भी घोषित हो सकती है। ऐसे में राज्य चुनाव आयोग से लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा चुनाव को लेकर तैयारियो को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन चुनावों में जिले की आधी आबादी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को तैयार है।
नगर निकाय चुनाव में नगर निगम, चार नगर पालिका परिषद और चार नगर पंचायत में मतदाताओं की संख्या २५ लाख ८० हजार २५५ है। इसमें महिला वोटरों की संख्या ११ लाख ७९ हजार १६९ है, तो वहीं पुरुष मतदाताओं की संख्या १४ लाख दस हजार ५६ है। नगर निगम की बात करें तो यहां वोटर्स की संख्या १५ लाख ३९ हजार ८२२ है जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या सात लाख दो हजार ३९७ और पुरुष मतदाताओं की संख्या ८ लाख ३७ हजार ४२५ है। नगर पालिका मोदीनगर में कुल वोटर एक लाख ८२ हजार ६७० हैं जिसमें ८७ हजार ३१७ महिला वोटर हैं।
इसी तरह नगर पालिका मुरादनगर में कुल वोटर ९९ हजार ८१४ हैं जिसमें से महिला वोटर ४६ हजार ९३९ हैं, नगर पालिका लोनी में पांच लाख दस हजार २६ वोटर्स हैं जहां महिला वोटर्स २ लाख ३५ हजार ४७३ की संख्या में हैं। नगर पालिका खोडा में एक लाख ७२ हजार २५६ वोटर्स में से महिला मतदाता की संख्या ७६ हजार ६७ है। नगर पंचायत निवाड़ी में ८९४३ कुल वोटर में से महिला वोटर की संख्या ४३२० है। वहीं नगर पंचायत पतला में वोटर संख्या ८३६१ हैं जिसमें ३९४८ महिला वोटर शामिल हैं। नगर पंचायत फरीदनगर में वोटर १२००१ है, जहां ५८५२ महिला वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा नगर पंचायत डासना में ३५ हजार ३२३ वोटर में से १६ हजार ८५६ महिला वोटर्स हैं, यानि नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों को महिला मतदाताओं की अनदेखी भारी पड़ सकती है।