कार्यालय संवाददाता
लखनऊ (युग करवट)। सत्ताधारी भाजपा में टिकटों के लिए सबसे अधिक मारामारी है। सबसे ज्यादा रस्साकशी नगर निगमों के महापौर के टिकट के लिए है। पहले चरण में 10 नगर निगमों का चुनाव होना है। पार्टी नगर निगमों के महापौर व पार्षद तथा नगर पालिका परिषदों के अध्यक्षों के टिकट प्रदेश मुख्यालय स्तर से घोषित करेगी। वहीं नगर पंचायतों के अध्यक्ष व पार्षद तथा नगर पालिका परिषदों के पार्षद के टिकट क्षेत्रीय स्तर से घोषित किये जाएंगे। सूत्रों के अनुसार नगर पालिका परिषदों के अध्यक्षों के नामों पर लगभग सहमति बन चुकी है। कुछ नगर पालिकाओं में पेंच फंसा हुआ है। वहीं महापौर के टिकट के लिए भेजे गए नामों के पैनल पर भी दिन भर हुए विचार विमर्श के बाद शाम को मुख्यमंत्री के आवास पर हुई कोर कमेटी की बैठक में भी इन नामों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह शामिल हुए।
कोर कमेटी ने महापौर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के बाद इन नामों की सूची को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजने का निर्णय किया। संभावना जतायी जा रही है कि केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद आज पार्टी की ओर से महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी की जा सकती है। नगर निगमों के पार्षद प्रत्याशियों की स्क्रीनिंग का जिम्मा प्रभारी मंत्रियों को सौंपा गया है।