गाजियाबाद (युग करवट)। गालंद एरिया में कूड़ा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट बनाने का प्लान फंस गया है। कई कोशिश के बाद भी नगर निगम को इस प्लांट को लगाने के लिए जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है। पिछले कई वर्ष से नगर निगम इस कोशिश में लगा है इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। गालंद में नगर निगम प्रशासन ने करीब 35 एकड़ जमीन खरीदी है। इस जमीन पर ही वेस्ट टू एनर्जी प्लांट बनाने का कार्य किया जाना था। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने के लिए नीदरलैंड की एक कंपनी को ठेका दिया गया था। कंपनी ने यूपी सरकार के साथ इसके लिए एमओयू साइन किया था। एमओयू साइन हुए भी अब पांच वर्ष पूरे हो चुके है। कंपनी अब गालंद में प्लांट लगाने के लिए जमीन पर कब्जा मांग रही है। कंपनी के कब्जा मांगने के बाद भी कई बार नगर निगम प्रशासन की कोशिश के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हालांकि इसके लिए कई बार शासन की ओर से भी प्लांट के लिए जमीन उपलब्ध कराने की कोशिश की है। कई बार शासन से भी जमीन पर कब्जा दिलवाने के लिए निवेदन निगम प्रशासन की ओर से दिया गया है। मगर इसके बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ पाया है। अब माना जा रहा है कि फिर से हो सकता है कि शासन अपने स्तर से इस जमीन पर कब्जा दिलवाने की कोशिश करे। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव पूरा होने के बाद ही शासन इस मामले में कदम उठाने जा रहा है।