गाजियाबाद (युग करवट)। किसी भी मकान के बनाने से पहले ही जीडीए नक्शा पास कराने के दौरान मलबा शुल्क वसूल करता है। यह मलबा शुल्क नियोजन विभाग द्वारा पास किए जाने वाले नक्शे के शुल्क का 2 प्रतिशत होता है। वहीं, दूसरी ओर नगर निगम भी मलबा शुल्क की वसूली कर रहा है। इस तरह से मलबे शुल्क को लेकर आम आवंटी पर दोहरी मार पड़ रही है। इस मामले में नगर निगम और जीडीए से आम आवंटी को कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। शहर में हाल ही में कई लोग मकान बना रहे हैं। इन लोगों को अब जीडीए जोनवार अभियान चलाकर नोटिस बांट रहा है। नगर निगम प्रति मीट्रिक टन मलबा उठाने का शुल्क करीब 1150 रुपये की दर से वसूल रहा है। जो लोग पैसा नहीं दे रहे है उन पर यह शुल्क बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम कविनगर जोन, वसुंधरा जोन, सिटी, विजयनगर और मोहननगर जोन में लोगों पर मलबा शुल्क के नाम पर नोटिस जारी कर रहा है जिससे लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि मकान बनाने के लिए मलबा डालने के लिए जो शुल्क होता है वह नक्शा पास कराने के दौरान जीडीए वसूल लेता है। इसके बाद भी नगर निगम मलबा शुल्क की वसूली करने का नोटिस दे रहा है।