गाजियाबाद (युग करवट)। बकाया हाउस टैक्स को लेकर अब नगर निगम ने सरकारी विभागों को भी निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी की ओर से जीडीए को नोटिस जारी किया गया है जिस पर नगर निगम ने करीब पांच करोड़ 95 लाख रुपये बकाया दिखाया है। नगर निगम का कहना है कि जीडीए के ऑफिस पर यह बकाया टैक्स कई वर्ष से लेकर अब तक है। नगर निगम प्रशासन ने जीडीए से टैक्स अदा करने के लिए कहा है। वहीं, दूसरी ओर जीडीए इस टैक्स को अधिक बता रहा है। इस मामले में जीडीए के किराया अनुभाग की ओर से एक पत्र मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को लिखा गया है। इस पत्र में जीडीए की ओर से कहा गया है कि जो बकाया टैक्स बकाया दर्शाया गया है, वह अधिक है। नगर निगम ने जीडीए के मुख्य कार्यालय, कविनगर, विजयनगर, सिटी जोन, वसुंधरा और मोहननगर जोन स्थिति प्रॉपर्टी पर टैक्स लगाया है। जीडीए ने नगर निगम से डिटेल मांगी है कि इतना टैक्स किस हिसाब से लगाया गया है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. सिन्हा ने बताया कि जल्दी ही इस बारे में जीडीए को लगाए गए टैक्स की डिटेल भेजी जाएगी।