संविधान बचाओ संकल्प सभा को लेकर मेरठ में प्रांतीय अध्यक्ष की बैठक
गाजियाबाद (युग करवट)। संविधान बचाओ संकल्प सभाओं से कांग्रेस का प्रदेश हाईकमान पश्चिमी यूपी में लोकसभा चुनाव अभियान की शुरूआत करने जा रहा है। इसकी शुरूआत 1 अगस्त को बुलंदशहर से होने जा रही है। बुलंदशहर में होने वाली संविधान बचाओ संकल्प सभा में गाजियाबाद और गौतमबुद्घनगर के कांग्रेसी भी शिरकत करेंगे। उसके बाद मेरठ, सहारनपुर, संभल और मुरादाबाद जनपदों में भी संविधान बचाओ संकल्प सभाएं होंगी। सभी सभाओं में प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी खुद मौजूद रहेंगे। संविधान बचाओ संकल्प सभाओं का उद्देश दलित वोटबैंक में कांग्रेस की पैठ मजबूत करना है। पश्चिमी यूपी में होने वाली संविधान बचाओ संकल्प सभाओं की तैयारियों का जायजा लेने और विशेष दिशा निर्देश देने के लिए रविवार को प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दकी ने मेरठ के सर्किट हाऊस में कांग्रेसियों के साथ बैठक की। बैठक में पहुंचे गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव और महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी के लिए प्रांतीय अध्यक्ष ने टॉरगेट फिक्स कर दिया है। जिला और महानगर अध्यक्ष को बुलंदशहर की संविधान बचाओ संकल्प सभा कमें कम से कम 500-500 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचना होगा।
दरअसल, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की नजर अपने पुराने वोट बैंक पर है। कांंग्रेस का प्रदेश हाईकमान चाहता है कि किसी भी कीमत पद दलित, ब्राह्मण और मुस्लिम मतदाताओं को पार्टी के साथ फिर से जोड़ा जाए। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश में कमजोर होते जनाधार का लाभ भी लेना चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी और प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दकी भी बहुजन समाज पार्टी में रह चुके हैं। यही कारण है कि बसपा से निकले दोनों नेता दलित और मुस्लिम समाज की नब्ज लगातार टटोलने का काम कर रहे हैं। संविधान बचाओ संकल्प सभाओं के आयोजन से पार्टी पश्चिमी यूपी में संदेश देना चाहती है कि वो ही ऐसी पार्टी है जिसमें दलितों के हित सुरक्षित हैं। भाजपा देश के संविधान को छिन्न भिन्न करना चाहती है, जिसे बचाने की लड़ाई कांग्रेस पार्टी लड़ रही है। इसी क्रम में काग्रेस के लिए संविधान बचाओ संकल्प सभाएं कांगे्रस के लिए खास मायने रखती हैं। इसकी तैयारियों के लिए रविवार को मेरठ के सर्किट हाऊस में नसीमुद्दीन सिद्दकी ने बैठक की।
बैठक में पहुंचे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र यादव, महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, प्रदेश महासचिव डॉ. संजीव शर्मा, प्रदेश सचिव नसीम खान, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा आदि नेताओं के साथ नसीमुद्दीन सिद्दकी ने विस्तार से बातचीत की। साथ ही गाजियाबाद संठगठन की भागीदारी भी बुलंदशहर में होने वाली पहली संविधान बचाओ संकल्प सभा के लिए फिक्स की। नसीमुद्दीन सिद्दकी ने अपेक्षा की है कि गाजियाबाद का संगठन कम से कम 1000 कार्यकर्ताओं के साथ बुलंदशहर पहुंचे।
इसके लिए जनपद के वरिष्ठ कांग्रेसी और चुनाव लड़े प्रत्याशियों की मदद लेने के निर्देश भी संगठन को दिए हैं। एक अगस्त को होने वाली पहली संविधान संकल्प सभा में जिला और महानगर अध्यक्ष के सामने टॉरगेट को पूरा करने की चुनौती रहेगी।