गाजियाबाद (युग करवट)। निगम के टैक्स विभाग का एक और नया कारनामा सामने आया है। निगम ने अब स्कूलों पर हाउस टैक्स से अधिक यूजर चार्ज लगाकर उन्हें लाखों रुपये के बिल थमा दिए। इसको लेकर अब स्कूल वाले परेशान है। वहीं कई स्कूल वाले नगर निगम के चक्कर भी लगा रहे है। मगर किसी भी तरह की कोई सुनवाई नही हो रही है। नगर निगम प्रशासन की ओर से एक एक इंजीनियरिंग कॉलेज को तीन से चार लाख रुपये तक यूजर चार्ज का बिल भेजा जा रहा है। इसी तरह से कई स्कूलों को भी निगम कई कई लाख रुपये यूजर चार्ज के बिल थमाने का कार्य कर रहा है। यूजर चार्ज के लाखों के बिलों को लेकर अब स्कूल और कॉलेज के प्रबंधन विभाग की टेंशन बढ़ गई है।
दूसरी ओर नगर निगम के यूजर चार्ज प्रभारी अधिकारी संजीव सिन्हा का कहना है कि बायलोज में प्रत्येक स्कूल में पढऩे वाले बच्चे को एक युनिट मानकर यूजर चार्ज लगाया गया है। इस कारण एक एक स्कूल और इंजीनियरिंग कॉलेज पर कई कई लाख के यूजर चार्ज के बिल आ रहे है। इस मामले में वह कुछ भी नहीं कर सकते हैं।