प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है। नगर निगम शहर में साफ सफाई दुरूस्त करने के लिए अलग से हाथ की ठेली की खरीद करने जा रहा है। हेल्थ विभाग ने करीब साढ़े तीन सौ की संख्या में छोटी गाड़ी की खरीद करने के लिए टेंडर मांगा है। यह छोटी गाड़ी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए यूज होगी। डोर टू डोर कूड़ा कलेशन करने के लिए अभी एक कंपनी को ठेका दिया हुआ है। कंपनी का कार्य है कि वह हर रोज कूड़ा एकत्र कर उसे नगर निगम के डलाव प्वाइंट पर डालेगी। नगर निगम भले ही दावा करे कि शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली गाड़ी पर्याप्त है मगर ऐसा नहीं है। डोर टू डोर कूड़ा गाडिय़ों की काफी कमी है। इसी कमी को दूर करने के लिए हाल ही में हेल्थ विभाग को नगर निगम प्रशासन की ओर से पैसा दिया गया है। नगर निगम के हेल्थ अफसर मिथिलेश कुमार का कहना है कि नगर निगम नई करीब साढ़े तीन सौ गाड़ी की खरीद करने के लिए टेंडर मांग चुका है। केन्द्र सरकार के जैम पॉर्टल के माध्यम से भी इसकी खरीद करने के लिए नगर निगम प्रक्रिया को पूरा करने में जुटा हुआ है।
निगम का दावा है कि टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। दीवाली से पहले शहर को साढ़े तीन सौ नई डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने के लिए गाड़ी मिल जाएगी।