प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम कर्मचारी संघ का आंदोलन आज दूसरे दिन भी जारी है। संघ को नगर आयुक्त नितिन गौड़ ने कल मांगे मान लेने के लिए आश्वस्त किया था। मगर संघ का कहना है कि जब तक मांगें मान नहीं ली जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ऐसे में आज भी नगर निगम में कर्मचारियों की हड़ताल रही। कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार कर कामकाज पूरी तरह से ठप रखा। इस धरने की अगुवाई नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने की। धरने पर इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। इस धरने के कारण नगर निगम मुख्य ऑफिस और नगर निगम के सभी जोनल ऑफिसों में कार्य पूरी तरह से ठप रहा।
दरअसल नगर निगम कर्मचारी संघ ने इससे पहले पिछले महीने की 27 तारीख को आंदोलन की चेतावनी दी थी। तब नगर निगम प्रशासन ने डीपीसी की बैठक जल्द कराने सहित कई मांगों पर जल्दी ही फैसला लेने का आश्वासन दिया था। इसके बाद संघ ने कार्य बहिष्कार आंदोलन वापिस ले लिया था। अब संघ का आरोप है कि निगम प्रशासन उनकी मांगे नहीं मान रहा है। जिस कारण आंदोलन शुरू करना पड़ा। इसके साथ ही आज से नगर निगम में कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार रखकर आंदोलन को शुरू कर दिया है। संघ के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने कहा कि हम निगम कर्मचारियों के हित की लड़ाई लड़ रहे है। मांगों पर जब तक निगम अमल नहीं करेगा आंदोलन जारी रहेगा।