प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नेहरूनगर स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम में आज निवर्तमान पार्षदों की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में बड़ी संख्या में निवर्तमान पार्षदों ने हिस्सा लिया, लेकिन पूर्व मेयर आशा शर्मा बैठक में शामिल नहीं हुईं। मंचासीन लोगों में नगर आयुक्त डॉॅ नितिन गौड़, बीजेपी के वरिष्ठ नेता व निवर्तमान पार्षद राजेन्द्र त्यागी और तत्कालीन कार्यकारिणी उपाध्यक्ष एवं निवर्तमान पार्षद अभिषेक सिंह उपस्थित रहे। आचानक नगर निगम द्वारा बुलाई गई यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। 23 जनवरी को नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया था। इसके बाद से अगर पार्षदों को अपनी समस्या नगर निगम में बतानी होती थी तो उन्हें निगम के अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे थे। इसी के चलते नगर आयुक्त को भी शहर में चल रहे विकास कार्यों के बारे में कोई फीडबैक नहीं मिल पा रहा था। यही कारण माना जा रहा है कि नगर आयुक्त ने सभी पार्षदों के साथ यह बैठक की। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने सवालों की निगम में झड़ी लगा दी। सभी को निवर्तमान पार्षदों को लगता है कि यह बैठक एक अच्छा कदम है। माना जा रहा है कि आज की बैठक से जो फीडबैक मिला है उसी के आधार पर नगर निगम प्रशासन खास रणनीति तैयार करेगा।