प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम से पार्षद पद के लिए चुनाव लडऩे के इच्छुक लोग एनओसी ले रहे हैं। एनओसी को लेकर बढ़ती मारामारी के बीच नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने स्वयं ही कमान संभाल ली है।
आज सुबह नगर आयुक्त अचानक से नगर निगम सभागार में पहुंचे। वहां पहले से ही एनओसी को लेकर लंबी लाइन लगी हुई थी। नगर आयुक्त ने सभी को उतावलापन न दिखाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की एनओसी रिलीज करने के लिए और टीम को लगाया। साथ ही प्रवेश के स्थान पर एंट्री के लिए रजिस्टर रखवाया और टोकन की व्यवस्था लागू कर दी। अब प्रत्येक आवेदक को टोकन देकर अपनी बारी से आने के लिए कहा जा रहा है। नगरआयुक्त स्वयं ही सभागार में बैठ गए। उनका मसकद था कि एनओसी लेने के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। वहीं, नगर आयुक्त ने लोगों से भी कहा कि वह शांति के साथ एनओसी हासिल करे। दूसरी और नगर आयुक्त ने एनओसी जारी करने वाले कर्मचारियों की संख्या भी दोगुनी कर दी है। अभी तक 315 लोग एनओसी हासिल कर चुके है। साथ ही कई और अधिकारियों को भी इस कार्य में लगाया गया है।