मीडिया के सवालों से बचते नजर आए राज्यमंत्री
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग ब्रजेश सिंह ने गाजियाबाद भ्रमण के दौरान मीडिया से वार्ता भी की। राज्यमंत्री ने केन्द्र सरकार के बजट को देश के २५ सालों के विकास का ब्लू प्रिंट करार दिया। हालांकि इस दौरान वह अपने सम्बंधित विभाग से जुडे सवालों के जवाब देने से बचते नजर आए।
राजनगर स्थित भाजपा के वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश खादी वाले के आवास पर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया था। इस दौरान राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह ने कहा कि सात बिन्दुओं पर यह बजट आधारित है। महिलाओं और बुजर्गो के लिए विशेष राहत दी गई है। हालांकि इस दौरान बजट में महंगाई से राहत और पेट्रोल-डीजल के बढते दामों को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। यूपी में होने जा रही ग्लोबल समिट पर राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश या जिले में उद्यमी तभी आता है जब उसे उम्मीद है कि उसका व्यापार वहां सुरक्षित होगा। मुरादनगर से खतौली कांवड मार्ग के निर्माण को लेकर राज्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग को बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा, टेंडर हो चुका है, और कोई विवाद अब इस मार्ग में नहीं है। एनएचआईए द्वारा अधिकतर प्रोजेक्ट करने से पीडब्ल्यूडी विभाग की उपयोगिता के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि सारे प्रोजेक्ट एनएचआईए द्वारा ही किए जा रहे हैं, अभी भी पीडब्ल्यूडी के पास बहुत काम है। शहर की बदहाल सडकों पर भी उन्होंने जल्द संज्ञान लिए जाने की बात कहीं। स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस की चौपाई पर की गई टिप्पणी पर राज्यमंत्री ने कहा कि जैसे जिसकी सोच है वह उतना ही बोलेगा। राम हमारे आराध्य हैं, उनके बारे में टिप्पणी करने वाले खुद कैसे हैं वह देख लें। वहीं सरसंघ चालक मोहन भागवत के पंडित वाले बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि मराठी में पंडित विद्घान को कहा जाता है। यह बयान किसी जाति को लेकर नहीं था। इस अवसर पर मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, दर्जाप्राप्त मंत्री बलदेव राज शर्मा, भाजपा नेता वेदप्रकाश खादी वाले, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह का बुके व पटका पहना कर स्वागत किया।