गाजियाबाद (युग करवट)। दीवाली से पहले ही शहर को नया कूड़ा ट्रांसफर केन्द्र मिल जाएगा। यह केन्द्र करीब 2200 वर्ग मीटर जमीन में मधुबन-बापूधाम कॉलोनी के पास बनाया जा रहा है। यह जमीन जीडीए ने निगम को फ्री में दी है। जीडीए ने निगम को इसके लिए करीब 44 वर्ग मीटर जमीन दी है। इनमें से 2200 वर्ग मीटर जमीन पर प्लांट बनाया जा रहा है बाकी जमीन पर कूड़ा प्रोसिंग के लिए लाया जाएगा। यहां कूड़ा ट्रांसफर केन्द्र बनाने का कार्य काफी तेजी के साथ चल रहा है। निगम का दावा है कि दीवाली से पहले ही शहर को स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर केन्द्र मिल जाएगा। इससे पहले गाजियाबाद सिटी को अभी तक तीन स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर केन्द्र मिल चुके है। इनमें विजयनगर के लिए अकबरपुर बहरामपुर के पास, दूसरा केन्द्र नगर निगम ने रेत मंड़ी के पास बनाया है और तीसरा वसुंधरा जोन साइट चार इंडस्ट्री एरिया के पास बनाया है।
नगर निगम के हेल्थ अफसर डॉ0 मिथिलेश कुमार का कहना है कि स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर केन्द्र बनकर चालू होते ही समस्या दूर हो जाएगी। इस केन्द्र में गोविंदपुरम, राजनगर, संजयनगर, शास्त्रीनगर, महेन्द्रा इन्क्लेव, अवंतिका, चिरंजीव विहार आदि कॉलोनियों का कूड़ा निस्तारित किया जाएगा।