नोएडा (युग करवट)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एनटीपीसी के खिलाफ 22 दिनो से धरना दे रहे, भारतीय किसान परिषद द्वारा आज दादरी के विधायकaतेजपाल नागर के आवास के घेराव की घोषणा की गई थी। पुलिस ने आज किसान नेता सुखबीर खलीफा को उनके सेक्टर-70 स्थित घर पर नजरबंद कर दिया है। इसके साथ ही अन्य जगहों पर भारतीय किसान परिषद से जुड़े किसान नेताओं को नजर बंद किया गया है। सुखबीर खलीफा के नजर बंद होने की सूचना पाकर मौके पर भारी संख्या में उनके समर्थक जुट गए हैं। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि एनटीपीसी दादरी से प्रभावित कई गांव के किसान अपनी मांग विभिन्न मांगों को लेकर काफी दिनों से आंदोलनरत हैं। अपनी मांगों को उन्होंने कई बार विधायक से वार्ता की। इसके बावजूद जनता की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक जनता की अनदेखी कर रहे हैं। जनता की आवाज को विधायक तक पहुंचाने के लिए ही भारतीय किसान परिषद ने उनके आवास के घेराव की घोषणा की थी। पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। पुलिस के बल पर सत्ताधारी विधायक आम जनता की आवाज को दबा नहीं सकते हैं। लोकतंत्र में सभी को विरोध करने का अधिकार है। विरोध का यह सिलसिला जारी रहेगा।