गाजियाबाद (युग करवट)। देश में राहुल गांधी और अडाणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस में तलवार खिंची हुई है। दोनों दल एक दूसरे के खिलाफ शब्दों के बाण चला रहे हैं। मगर ये गाजियाबाद है, यहां राजनीति अलग है और व्यक्तिगत संबंध अलग। कांग्रेस के बड़े नेता सतीश त्यागी के पेट्रोल पंप का उदघाटन समारोह था। इसका फीता भाजपा के विधायक सुनील शर्मा और अजितपाल त्यागी काट रहे थे। एक ही टेबल पर भाजपा और कांग्रेस के नेता खुश मिजाज माहौल में बतिया रहे थे। समारोह में कांग्रेसी तो बड़ी संख्या में जुटे ही, भाजपा के लोगों की संख्या भी कम नहीं थी। यहां पता चल रहा था कि गाजियाबाद में नेता किसी भी पार्टी के हों दल से बड़ा दिल के रिश्ते को मानते हैं। यही बात गाजियाबाद को सबसे अलग बनाती है। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, पूर्व मेयर प्रत्याशी विजय चौधरी, युग करवट के एडिटर इन चीफ सलामत मियां, धारे सिंह, लालमन के साथ बड़ी संख्या में राजनीति एवं मीडिया से जुड़े लोग शामिल रहे।दल नहीं दिल को बड़ा मानते हैं गाजियाबाद के नेता