गठबंधन के उम्मीदवार केसी त्यागी को लेकर रालोद के वरिष्ठ नेता ने दिखाया बड़ा दिल
गाजियाबाद (युग करवट)। युग करवट द्वारा अपने नियमित कॉलम तीसरी आंख में संभावना व्यक्त की थी कि यदि इंडिया गठबंधन से पूर्व सांसद केसी त्यागी को विपक्ष अपना उम्मीदवार गाजियाबाद सीट से बनाता है तो भाजपा के लिए चुनाव जीतना आसान नहीं होगा। तीसरी आंख में छपी इस संभावना के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों से इस संभावना पर फोन आये कि वास्तव में केसी त्यागी भाजपा को टक्कर दे सकते हैं। युग करवट के यू-टयूब चैनल पर भी इस खबर को प्रमुखता से दिखाया गया था। कुछ ही घंटों में हजारों की संख्या में लोगों ने इसे लाइक किया। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि राजनीति की दुनिया में केसी त्यागी का क्या स्थान है। और उनका कितना सम्मान है। इतना ही नहीं भाजपा के एक पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता ने भी इस बात को माना कि यदि केसी त्यागी गाजियाबाद से विपक्ष के उम्मीदवार बनते हैं तो भाजपा के लिए वो कड़ी चुनौती ही नहीं बल्कि चुनाव परिणाम पलटने की भी क्षमता रखते हैं। जब भाजपा नेताओं का ये कहना है तो जाहिर है कि विपक्ष के नेताओं को जरूर केसी त्यागी के नाम पर विचार करना पड़ सकता है। राष्टï्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता और पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि प्रदेश और दिल्ली की राजनीति में अपना एक अलग स्थान रखने वाले बेबाक नेता त्रिलोक त्यागी ने भी बड़े दिल का परिचय दिया। युग करवट से अनौपचारिक बातचीत करते हुए उन्होंने ऐसी बात कही जिसकी उम्मीद कम थी। उन्होंने कहा कि यदि केसी त्यागी चुनाव लड़ेंगे या उनको विपक्ष लड़ायेगा तो वो सबसे पहले केसी त्यागी के प्रस्तावक बनेंगे। त्रिलोक त्यागी का ये बयान अपने आप में काफी अहम है। बहरहाल, लोकसभा चुनाव अगले साल होना है। भाजपा द्वारा चुनावी माहौल शुरू कर दिया गया है। कांगे्रस भी हरकत में आ गयी है। कल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मेरठ में चुनावी सभा की शुरूआत कर चुके हैं। अब देखना होगा कि गाजियाबाद की सीट किसके खाते में जायेगी और केसी त्यागी क्या यहां से चुनाव लड़ेंगे या नहीं।