सुरेश चौधरी
नोएडा (युग करवट)। कांग्रेस-वाम गठबंधन, टिपरा मोथा पार्टी और सत्ता विरोधी लहर को धत्ता बताते हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलने के बाद त्रिपुरा राज्य के प्रभारी एवं गौतमबुद्वनगर के सांसद डॉ महेश शर्मा का राजनीतिक कद काफी बढ़ गया है। डॉक्टरी पेशे से राजनीति में आए डॉ महेश शर्मा नोएडा के विधायक से लेकर सांसद और केंद्रीय मंत्री तक का सफर पूरा कर चुके हैं। मौजूदा समय में वह गौतमबुद्ध नगर से सांसद है। भारतीय जनता पार्टी के आलाकमान ने उनकी क्षमता को देखते हुए उन्हें त्रिपुरा का प्रभारी बनाया था। वह पार्टी की अपेक्षा पर खरे उतरे हैं।
राजनीति के जानकारों का कहना है कि त्रिपुरा जीत के बाद डॉ महेश शर्मा के विरोधियों के अरमानों पर पानी फिर गया है। कई विरोधी उन्हें गौतमबुद्ध नगर में घेरने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन उन्होंने त्रिपुरा में भाजपा की प्रचंड जीत में भूमिका निभाकर पार्टी के बड़े नेताओं और खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नजर में अपनी जगह बना ली है।
हालांकि डॉ. महेश शर्मा ने त्रिपुरा में जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कुशल संगठन शक्ति को दिया है। डॉ. महेश शर्मा का कहना है कि इस जीत से भाजपा का उत्तर पूर्व में कद और बढ़ा है। बता दें कि हाल ही में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी में अंदरूनी कलह सामने आई थी। डॉ. महेश शर्मा की घेराबंदी के लिए पार्टी में जिला और प्रदेश स्तर पर बड़े नेता लगे हुए थे, लेकिन उन पर पार्टी ने भरोसा जताकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रभारी बनाते हुए बड़ा काम दिया, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर डॉ. महेश शर्मा पार्टी आलाकमान की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं।