थाना फेस-२ प्रभारी पर अश्लीलता करने का आरोप
नोएडा (युग करवट)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एक कोतवाल पर महिला दरोगा द्वारा अश्लील हरकत करने का आरोप लगाने के बाद विशाखा गाइडलाइन के निर्देशो के अनुसार पुलिस आयुक्त ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। जिसमें एक महिला सदस्य बाहर से है। पुलिस आयुक्त ने इस प्रकरण के निष्पक्ष और त्वरित जांच करने का आदेश दिया है।
थाना फेस-2 प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ एक महिला उपनरीक्षक ने अश्लील हरकत करने की शिकायत की है। 11 मार्च को अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा द्वारा थाना फेस-2 के निरीक्षक, उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी का अर्दली रूम लिया गया। महिला उपनिरीक्षक के अभिलेख व विवेचना रजिस्टर पूर्ण नही थे, जिससे वह बिना बताए अर्दली रूम से निकल कर चली गई। जिसके संबंध में थाना प्रभारी फेस-2 द्वारा गैर हाजिरी तस्करा जीडी में अंकित कराया गया।
महिला उपनिरीक्षक ने थाना प्रभारी के विरुद्ध डीसीपी महिला सुरक्षा को एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर द्वारा विशाखा गाइडलाइन के निर्देश के अनुसार तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है।
घटना होली वाले दिन की बताई जा रही है। इस घटना ने पुलिस विभाग में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू कर दी है। अपनी शिकायत में महिला दरोगा ने बताया है कि होलिका दहन के दिन उसकी ड्यूटी कहीं और पर लगी थी, कोतवाल ने उसकी ड्यूटी कटवा कर अपने साथ ड्यूटी लगवाई तथा सरकारी जीप में उसे बैठाया।
कोतवाल खुद जीप चलाने लगे और उन्होंने अपनी बगल की सीट पर उसे बैठा लिया। महिला दरोगा का आरोप है कि कोतवाल ने होली के नाम पर कई बार उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ। मना करने पर कोतवाल ने उसकी बात ना मानी तथा अपनी हरकत जारी रखी। पिछले एक सप्ताह से चल रहे इस घटनाक्रम से तंग आकर पीडि़ता पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत डीसीपी महिला सुरक्षा से की है।
थाना प्रभारी और महिला उप निरीक्षक लाइन हाजिर
नोएडा (युग करवट)। महिला दरोगा से छेड़छाड़ मामले में फेस-2 थाना प्रभारी लाइन हाजिर हो गए हैं। इसके अलावा महिला दरोगा को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। सेंट्रल नोएडा डीसीपी राम बदन सिंह ने इस मामले में जांच के आदेश भी दिए हैं। आपको बता दें कि रंगीन मिजाज एसएचओ ने होली के दिन महिला दरोगा को पीआरवी में बैठाकर छेड़छाड़ की थी। इसके बाद महिला दरोगा ने मामले की शिकायत डीसीपी से की थी। डीसीपी ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच होने तक फेस-2 थाना प्रभारी के साथ महिला दरोगा को भी लाइन हाजिर कर दिया है।