प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। करीब तीन महीने बाद आज नगर निगम सभागार में उद्योग बंधुओं की बैठक का आयोजन किया गया। नियम है कि उद्योग बंधु बैठक नगर निगम में महीने में एक बार अनिवार्य तौर पर होनी चाहिए। इसके लिए शासन से शड्यूल भी लागू है। मगर नगर निगम में आज लंबे समय बाद उद्योग बंधु की बैठक हुई।
बैठक में पूरे महानगर की सभी 13 इंडस्ट्रियल एरिया की एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इससे पहले जो उद्योग बंधुओं की बैठक हुई थी उसमें कुल मिलाकर उद्योग बंधुओं की ओर से 23 बिंदु पर प्रस्ताव दिए गए थे। इनमें इंडस्ट्री एरिया में साफ सफाई, कूड़ा उठान, डस्ट फ्री सडक़ें, पार्क विकसित करने तथा टूटी सडक़ों को बनाने आदि नगर निगम संबंधी समस्याओं को उठाया गया था। नगर निगम ने बताया कि शहर के इंडस्ट्री एरिया में जल्दी ही 15 करोड़ रुपये की लागत से सडक़ें बनाई जाएगी। इसके लिए टेंडर की छोडऩे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दौरान इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से एक गंभीर मसला हाउस टैक्स को लेकर है। कई इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से नगर निगम के सामने हाउस टैक्स की समस्या को भी पेश किया। कई का आरोप है कि उनके यहां जो हाउस टैक्स के नोटिस बांटे जा रहे है उनमें टैक्स बढ़ाकर भेजा जा रहा है। इस दौरान बारी बारी से इंडस्ट्री असोसिएशन की ओर से भी कई मांगों को रखा गया। बैठक में नगर आयुक्त डॉ0 नितिन गौड़, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, अरूण कुमार यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, जोनल प्रभारी आदि मौजूद रहे।