नोएडा (युग करवट)। पूर्व सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डीपी यादव द्वारा रचित पुस्तक ‘वक्त साक्षी है’ का आज भारत के प्रसिद्ध साहित्यकार और पत्रकार वेद प्रताप वैदिक ने विमोचन किया। प्रगति मैदान के हाल नंबर-2 में आयोजित कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए वेद प्रकाश वैदिक ने कहा कि ‘वक्त साक्षी है’ काव्य पुस्तक एक पुस्तक ही नहीं डीपी यादव की पूरी आत्मा कथा है। उन्होंने कहा कि डीपी यादव ने अपने पूरे जीवन के संघर्ष और सफलताओं का इस पुस्तक में वर्णन किया है। इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व सांसद डीपी यादव ने कहा कि वह एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनका जीवन संघर्ष भरा रहा है। एक किसान परिवार से उठकर विधानसभा, राज्यसभा और लोकसभा तक पहुंचना और लोगों की सेवा करना एक संघर्षपूर्ण दौर रहा है। इस अवसर पर बोलते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट से रिटायर्ड जज सखाराम यादव ने कहा कि डीपी यादव ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि आलोक यादव, वाणी प्रशासक के निदेशक अरुण महेश्वरी, अदिति, कुणाल यादव, कुंज यादव, सतपाल यादव, आशीष यादव, सहित भारी संख्या में देश के कवि, पत्रकार, बुद्धिजीवी मौजूद थे।
नगर संवाददाता