गाजियाबाद (युग करवट)। डीएमआरसी ने नगर निगम को एक और झटका दिया है। डीएमआरसी अभी तक ब्लू लाइन रूट पर बने दो स्टेशनों का सर्विस टैक्स नगर निगम को देता आ रहा था जिनमें वैशाली और कौशांबी शामिल है, लेकिन अब इन दोनों ही स्टेशनों पर लगाए गए सर्विस टैक्स को भी डीएमआरसी ने देने से इनकार कर दिया है। डीएमआरसी का यह रूट वर्ष 2010 में चालू हो गया था, तब से लेकर अभी तक नगर निगम को वैशाली और कौशांबी स्टेशन का सर्विस टैक्स मिल रहा था। पिछले वित्तीय वर्ष में डीएमआरसी ने यह सर्विस टैक्स भी अदा करना बंद कर दिया है। इस तरह से डीएमआरसी के गाजियाबाद में 11 स्टेशन हैं जिन से सर्विस टैक्स नहीं आ रहा है। नगर निगम का इन सभी सर्विस स्टेशनों पर करीब 56 करोड़ रुपया बकाया है। यह कहा जा सकता है कि अभी तक नगर निगम और डीएमआरसी के बीच दिलशाद गार्डन से लेकर नया गाजियाबाद बस अड्डे तक नौ स्टेशन बनाये गए हैं जिनका सर्विस टैक्स भी पहले से नहीं दिया जा रहा है। इसी को लेकर विवाद चल रहा है। अब नगर निगम जल्दी ही इस मामले में कानूनी पक्ष की जानकारी हासिल कर रहा है। संभावना है कि नगर निगम इस मामले में अब कानूनी लड़ाई लड़े।