गाजियाबाद (युग करवट)। स्वच्छ सर्वेक्षण का आगाज होने जा रहा है। उम्मीद है कि यह स्वच्छ सर्वेक्षण 15 फरवरी शुरू हो जाएगा। इसे लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। नगर निगम शहर की सडक़ों पर टूटे डिवाइडरों को दुरुस्त कर रहा है। बता दें कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में गाजियाबाद शहर यूपी में पहले स्थान पर रहा था और देश में 12वां स्थान गाजियाबाद ने हासिल किया था। इस बार गाजियाबाद नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया है। इसलिए स्वच्छता को लेकर नगर निगम बोर्ड और मेयर का जो दबाव निगम प्रशासन पर दबाव था वह समाप्त हो चुका है। अब कोई दबाव निगम प्रशासन पर नहीं है जिसका असर अब दिखाई भी दिखाई दे रहा है। इसी माह में स्वच्छ सर्वेक्षण हो सकता है, मगर अभी भी जगह-जगह डिवाइडर शहर की सडक़ों पर टूटे हुए हैं और सडक़ें भी कई जगह उखड़ी हुई हैं। इसके अलावा कई ऐसी जगह हैं जहां वॉल पेंटिंग तक नहीं हो पाई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर में स्वच्छता को लेकर किस तरह की तैयारी चल रही है। हालांकि, अब नगर आयुक्त के निर्देश पर डिवाइडरों को ठीक करने का कार्य शुरू हुआ है।