प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। टैक्स की वसूली के मामले में नगर निगम इस बार सरकार द्वारा दिए गए टारगेट को भी पूरा नहीं कर पा रहा है। यूपी सरकार की ओर से नगर निगम गाजियाबाद को इस बार टैक्स वसूली का टारगेट 229 करोड़ रुपये डिमांड दी थी, मगर अभी तक नगर निगम इस टारगेट के सापेक्ष केवल 76 प्रतिशत की टैक्स की वसूली कर पाया है। आज टैक्स वसूली का अंतिम दिन है। ऐसे में नगर निगम कोशिश भी करता है तो उम्मीद है कि टैक्स की वसूली नगर निगम केवल बामुश्किल 80 प्रतिशत तक हो सकती है, लेकिन इस बीच अगर देखा जाए तो टैक्स की वसूली के मामले में अभी तक गाजियाबाद नगर निगम के सभी जोन में भी घमासान चल रहा है। टैक्स वसूली के मामले में कभी वसुंधरा जोन सबसे आगे रहता थी, लेकिन इस बार कविनगर जोन टैक्स वसूली में सबसे आगे है। नगर निगम को अगर सरकार के द्वारा दिए गए टारगेट को पूरा करना है तो उसका वसूली स्कोर 2293149610 होना चाहिए, मगर नगर निगम ने अभी तक टैक्स की कुल वसूली केवल 175 करोड़ करीब 50 लाख रुपये के आसपास है। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा का कहना है कि इस बार टैक्स की वसूली अभी तक हुई टैक्स की वसूली से अधिक होगी।