प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। इंदिरापुरम कॉलोनी को लेकर अब नया पेंच फंस गया। बीजेपी के पूर्व पार्षद राजेन्द्र त्यागी ने कहा कि जब तक इंदिरापुरम कॉलोनी नगर निगम टेकओवर नहीं करता है वहां एक भी पैसे का विकास कार्य नगर निगम को नहीं कराना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सदन के अंदर कुछ पार्षद हो हल्ला करते है वह निगम पर कॉलोनी टेकओवर करने के लिए दबाव बनाने के लिए करते है। यह हल्ला कुछ पार्षद जीडीए के कुछ अधिकारियों के ईशारे पर करते है। मेयर सुनीता दयाल को इस मामले में दबाव में नहीं आना चाहिए। त्यागी का आरोप है कि चुनाव के दौरान भी जीडीए ने कॉलोनी नगर निगम को ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाया था। तत्कालीन नगर आयुक्त नितिन गौड़ पर कई गंभीर आरोप उन्हें दबाव में लेने के लिए लगाए थे। अब फिर से दबाव की रणनीति जीडीए अपना रहा है। जब तक जीडीए 210 करोड़ रुपये सर्वे रिपोर्ट के आधार पर नहीं देता इंदिरापुरम कॉलोनी में निगम को विकास कार्य नहीं कराने चाहिए। अगर निगम ने टेकओवर किए बगैर विकास कार्य कराए तो निगम की टेंशन बढ़ जाएगी।