गाजियाबाद (युग करवट)। निगम बोर्ड की हाल ही में हुई बैठक में इंदिरापुरम कॉलोनी को लेकर हंगामे के बाद अब वहां निर्माण कार्य को लेकर विवाद पैदा हो गया है। विवाद पैदा होने के बाद अब नगर निगम इंदिरापुरम कॉलोनी में बोर्ड फंड से विकास कार्य कराने से हिचक रहा है। हाल ही में निगम बोर्ड की बैठक में यह मामला प्रमुखता से उठाया गया था। नगर निगम बोर्ड के सदस्य संजय सिंह की ओर से इंदिरापुरम कॉलोनी को टेकओवर करने की वकालत की गई थी। हालांकि कार्यकारिणी सदस्य राजीव शर्मा आदि ने इसका विरोध किया था। उनका कहना था कि पार्षद संजय सिंह नगर निगम पर इसके लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे है। इसी को लेकर विवाद भी पैदा हो गया था। वहीं दूसरी और बोर्ड बैठक में मेयर ने कहा था कि चालू वित्तीय वर्ष से इंदिरापुरम कॉलोनी में बोर्ड फंड से विकास कार्य कराए जाएंगे। बोर्ड फंड से विकास कार्य कराने को लेकर कई पार्षद और कई पूर्व पार्षद इसका विरोध कर रहे है। उनका कहना है कि अगर इंदिरापुरम कॉलोनी में निगम विकास कार्य कराता है फिर कॉलोनी को टेकओवर करने के लिए जो दो दस करोड़ रुपये की मांग की गई है वह पैसा कैसे मिलेगा। अब देखना है कि मेयर क्या फिर भी इंदिरापुरम टेकओवर किए बगैर वहां विकास कार्य कराने के पक्ष में है। मेयर ने इस पर अभी पत्ते नहीं खोले है।