गाजियाबाद (युग करवट)। टेंडर शुल्क की छूट वापिस लेने के बाद नगर निगम ने ठेकेदारों से पैसा वापिस ले लिया। इसके बाद अब नगर निगम टेंडर खोलने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। दरअसल शहर में होने वाले करीब 35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर विवाद पैदा हो गया था। नगर निगम प्रशासन की ओर से पूर्व में टेंडर में हिस्सा लेने वाले ठेकेदारों को नए सिरे से टेंडर डालने पर शुल्क में छूट दी गई थी। मुख्य लेखा परीक्षक की आपत्ति के बाद उठे विवाद के कारण ही नगर निगम प्रशासन ने ठेकेदारों को दी गई छूट को समाप्त कर इनसे बकाया पैसा जमा कर लिया। नगर निगम प्रशासन को यह पैसा केन्द्रीय पर्यावरण विभाग की ओर से दिया गया था। पैसा शहर को प्रदूषण फ्री बनाने के लिए खर्च किया जाएगा। नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरीका कहना है कि नगर निगम ने टेंडर मांगने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
जल्दी ही अब टेंडर खोलने की कार्रवाई करेगा।