नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्म्ण सभा ने गाजियाबाद नगर निगम और मुरादनगर पालिका चेयरमैन सीट पर त्यागी समाज का दावा ठोंकते हुए ऐलान किया है जो भी पार्टी समाज के प्रत्याशियों को टिकट देगा समाज उसे ही सपोर्ट करेगा और जो दल उनकी अनदेखी करेगा, समाज चुनाव में उसका बहिष्कार करेगा। अखिल भारतीय त्यागी ब्राह्म्ण सभा की प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सुरेशचंद त्यागी ने कहा कि नगर निगम में त्यागी बाहुल्य के दर्जन भर गांव हैं। निगम के हर वार्ड में मतदाताओं की संख्या दस हजार से भी अधिक है जिसमें त्यागी समाज की संख्या बहुतायात है। इसके अलावा मुरादनगर में भी त्यागी समाज की अच्छी खासी संख्या है। इसके बाद भी राजनैतिक दलों द्वारा त्यागी समाज की अनदेखी की जा रही है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा ने समाज की अनदेखी की थी जिसका खामियाजा पार्टी को खतौली विधाानसभा और जिला पंचायत मुरादनगर सीट पर देखने को मिला। समाज ने कहा कि इस बार अगर भाजपा ने अनदेखी की तो वोट पर चोट की राजनीति की जाएगी। समाज सभी राजनीति दलों के सामने अपना प्रतिनिधित्व रखना चाहता है। जो पार्टी उनके समाज के लोगों को प्रत्याशी बनाएगी, समाज सिर्फ उसे ही वोट करेगा। यदि सामान्य सीट पर आरक्षित प्रत्याशी को टिकट दिया तो उसका भी पुरजोर विरोध किया जाएगा। एक तरह से त्यागी समाज ने भाजपा को चेतावनी दी है कि अगर उनकी अनदेखी की गई तो खामियाजा भुगतने को तैयार रहे। सरंक्षक आशा राम त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज भाजपा का बंधुवा मजदूर नहीं है जिसे पार्टी सिर्फ अपने वोट के रूप में इस्तेमाल करती रही, इस बार ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नगर निगम में अनुामनित तीन लाख वोट हैं। ऐसे में हम चुनाव की दशा बदलने की क्षमता रखते हैं। सभी राजनीतिक दलों को यह संदेश देना चाहते हैं कि इस बार अनदेखी भारी पड़ सकती है। प्रेसवार्ता में बिजेन्द्र त्यागी, पुनीत त्यागी, नीरज त्यागी, धनप्रकाश त्यागी, अनिल त्यागी, अक्षय त्यागी, सुरेश त्यागी, प्रेमचंद त्यागी आदि मौजूद रहे।