गाजियाबाद (युग करवट)। राजनगर एक्सटेंशन स्थित जीडीए का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट जल्दी ही निगम टेकओवर करेगा। वन सिटी वन ऑपरेटर योजना के तहत इस प्लांट का रखरखाव प्राइवेट कंपनी बीएटैक वबाग करेगी। इसके प्लांट को टेकओवर करने की प्रक्रिया जल्दी ही शुरू होगी। नगर विकास विभाग की ओर से नए वित्तीय वर्ष के प्राथमिकता वाले वर्क में इस प्लांट को भी टेकओवर करने की श्रेणी में शामिल किया गया है। राजनगर एक्सटेंशन स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट 76 एमएलडी क्षमता का प्लांट है। जीडीए ने वर्ष 2017 में इसे बनाया था। हालांकि इस प्लांट से राजनगर एक्सटेंशन की अधिकतर ग्रुप हाउसिंग नहंी जुड़ी है। गत दिनों नगर निगम ने नंदग्राम की नई डाली गई सीवर लाइन को इस प्लांट से जोड़ा था। उस समय जीडीए ने सीवर लाइन के कनेक्शन की एवज में नगर निगम से 57 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में नगर निगम ने आश्वस्त किया था कि नगर निगम इस प्लांट को वन सिटी वन ऑपरेटर्स स्कीम में शामिल कर इसे टेकओवर करेगा। इसके बाद नगर निगम और जीडीए के बीच प्लांट की खामी दूर करने के लिए एक संयुक्त सर्वे भी हुआ। सर्वे में जल निगम को भी शामिल किया गया। सर्वे के बाद नगर निगम ने प्लांट की कमी दूर करने के लिए एक करोड़ 65 लाख जीडीए से मांगे थे। जीडीए ने हाल ही में यह पैसा नगर निगम को अदा कर दिया।