नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले के प्रभारी मंत्री के तौर पर समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरूण का आज गाजियाबाद में पहला दौरा था। सबसे पहले उन्होंने नेहरू नगर स्थित भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया। इस दौरान युग करवट से हुई विशेष बातचीत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि कुर्सी पर कौन बैठा है इससे फर्क नहीं पड़ता। उसने क्या काम किया इससे फर्क पड़ता है। स्थाई हो या अस्थाई सबका उद्देश्य जनता की सेवा करने का होना चाहिए। कुर्सी पर चाहे जो भी बैठा हो, काम सबको करना है। उन्होंने कहा कि जिस जनता की सेवा के लिए हमें बैठाया गया है, उसके लिए हम कितना कर पाते हैं यह हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए, जो भी सत्ता में रहेगा उसे आम जनता के लिए काम करना पडेगा। कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इसको लेकर प्रदेश सरकार को कुछ कहने की जरूरत नहीं है। गाजियाबाद और प्रदेश की जनता का रिपोर्ट कार्ड यह बताने के लिए काफी है। पूर्व की सरकारों में ऐसा नहीं था, लेकिन छह साल में प्रदेश की भाजपा सरकार में बहुत काम हुआ है। बहुत अच्छा काम योगी सरकार में हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या पहले बहन-बेटियां रात में घर से बाहर निकल पाती थी? लेकिन आज माहौल बदला है और अपराध कम हुआ है हम इसके आंकड़े दे सकते हैं। आज से छह साल पहले रात में महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पाती थी, लेकिन अब महिलाएं भय मुक्त वातारण में कभी भी बाहर घूम सकती हैं। लूट, अपहरण जैसी घटनाओं पर लगाम लगी है, अब त्वरित कार्रवाई होती है।
हेल्पलाइन से लेकर थानों में भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि पीडि़तों को जल्द न्याय मिले इसके लिए न्याय व्यवस्था को भी दुरूस्त करने पर काम किया जा रहा है। आज प्रदेश की जनता भयमुक्त जीवन जी रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद के सवाल पर असीम अरुण ने कहा कि आज वह यहां इसलिए ही आए हैं ताकि संगठनों को और मजबूती दी जा सके, जहां अगर कोई गैप है या आगामी चुनाव हो उसमें संगठन को मजबूत किया जा सके। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने पार्टी के जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने मौजूद पार्टी एक-एक कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया और उन्हें संगठन को मजबूत करने की बात कहीं।
इस दौरान सांसद अनिल अग्रवाल, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल, विनीत शर्मा, गोपाल अग्रवाल, पूनम कौशिक, अश्वनी शर्मा, प्रदीप चौहान, प्रदीप चौधरी के अलावा डीसीपी दीक्षा शर्मा, एसीएम निखिल अग्रवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
नहीं चाहिए वीवीआईपी ट्रीटमेेंट
गाजियाबाद पहुंचे प्रभारी मंत्री अरूण असीम ने कहा कि वह कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं चाहते। सडक़ों पर हूटर बजाते वाहनों पर लगाम लगनी चाहिए और वह खुद भी इसका पालन करेंगे। जिस तरह आम जनता सडक़ों पर चलती है उसी प्रकार उनका काफिला भी चलेगा। उन्होंने कहा कि सभी ट्रेफिक नियमों का पालन किया जाएगा। रेड लाइट पर अन्य वाहनों की तरह उनका काफिला भी रूकेगा। उनके काफिले में कोई भी हूटर का प्रयोग नहीं करेगा। असीम अरुण ने कहा कि जनता के बीच रहकर ही वह काम करेंगे और यही उनका उद्देश्य है।