यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए गाजियाबाद से 15 प्रत्याशी मैदान में
गाजियाबाद (युग करवट)। यूथ कांग्रेस चुनाव में स्कूटनी के बाद सभी नाकांकन सही पाए जाने पर चुनाव की सरगर्मियां जनपद में तेज हो गई हैं। चुनाव के लिए कमर कस चुके युवा अब सदस्य बनवाने और वोट डलवाने के काम में जुट जाएंगे। गाजियाबाद जनपद से कुल 15 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। इसमें जिलाध्यक्ष पद के लिए 2, विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए 11 और प्रदेश कमेटी में महासचिव पद के लिए 2 उम्मीदवार मैदान में हैं।
गौरतलब है कि यूथ कांग्रेस के चुनाव के लिए 10 अक्टूबर से सदस्यता अभियान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सदस्यता अभियान आठ नवंबर तक जारी रहेगा। इसमें सदस्य बनने का शुल्क जमा कराते ही प्रत्येक सदस्य के लिए वोटिंग की साइट ऑनलाइन खुल जाएगी। इसमें विधानसभा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव के चुनाव के लिए एक वोट और प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक वोट होगा। गाजियाबाद में जिलाध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला आसिफ सैफी और अभिषेक त्यागी के बीच है। मुरादनगर में दीपक कश्यप और नुकुल हितैषी में सीधी टक्कर है। साहिबाबाद विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए पुष्पेन्द्र कुमार और साहिल अब्बासी मैदान में हैं। मोदीनगर से विक्रांत नेहरा और शाफिक कुरैशी किस्मत आजमा रहे हैं। लोनी अध्यक्ष पद के लिए अमजद इदरीसी और नीरज शर्मा में आमने सामने की टक्कर है। गाजियाबाद विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने जा रहा है। गाजियाबाद विधानसभा सीट पर दानिश खान, यक्षित और मोहित गौड़ ने नामांकन किया है। प्रदेश कमेटी में महासचिव पद के लिए भी गाजियाबाद से दो नामांकन हुए हैं। सेक्टर 23 की पायल गुप्ता और मुरादनगर के वसीम कुरैशी ने प्रदेश कमेटी में महासचिव पद के लिए नोमिनेशन किया है। 8 नवंबर को सदस्यता शुल्की तिथी समाप्त होने के बाद वोटों की गिनती होगी और 10 नवंबर को यूथ कांग्रेस में हुए चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।