गाजियाबाद (युग करवट)। शिरोमणी अकाली दल, अमृतसर के गाजियाबाद प्रधान मनप्रीत सिंह मन्नी एवं उनकी टीम की मेहनत रंग लाई है। नगर निगम जल्द ही आर्य नगर चौराहे के नाम से मशहूर गुरु तेग बहादुर चौक का सौंदयकरण कराएगा। इसी कवायद को अमली जामा पहनाने के लिए निगम के अधिकारियों ने गुरु तेग बहादुर चौक का मुआयना किया। प्रधान मनप्रीत सिंह मन्नी ने बताया कि गुरु तेग साहिब चौक सन् 2005 में नगर निगम द्वारा आवंटित किया गया था। इसका नाम सिखों के गुरू तेग बहादुर साहिब के नाम पर रखा गया था। नगर निगम के कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह चौराहा जर्जर और बर्बाद हो गया थी। इस चौराहे की लड़ाई लडऩे का बीड़ा शिरोमणी अकाली दल अमृतसर के प्रधान सरदार मनप्रीत सिंह मन्नी और उनकी टीम ने उठाया। 21 फरवरी को मनप्रीत सिंह की पूरी टीम ने चौराहे के सौंदर्यकरण की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में भूख हड़ताल की। इस दौरान मनप्रीत सिंह के साथ रजत धीमान, अशमीत सिंह, तलविंदर सिंह, जगज्योत सिंह भी भूख हड़ताल पर बैठे। आंदोलन रंग लाया और नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन देकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। मनप्रीत सिंह मन्नी ने बताया कि बुधवार 14 मार्च को नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने गुरु तेग बहादुर साहिब चौक का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नगर निगम अब जल्द ही रूपरेखा तैयार कर इस चौराहे का सौंदर्यकरण कराएगा।