नोएडा/ लखनऊ (युग करवट)। उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (नोएडा यूनिट) द्वारा लखनऊ के विभूति खंड से गिरफ्तार किए गए नटवरलाल संजय प्रकाश राय उर्फ संजय शेरपुरिया के कई काले कारनामे धीरे-धीरे उजागर होने लगे हैं। एसटीएफ को जांच के दौरान पता चला है कि उक्त आरोपी ने एक व्यक्ति से ईडी के मामले को रफा-दफा कराने के नाम पर 11 करोड़ ले लिया था। यह अपने आपको भारत के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सहित देश के बड़े-बड़े नेताओं का नजदीकी बताता है। यह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का डिफाल्टर निकला है. संजय प्रकाश राय और उसकी पत्नी कंचन संजय प्रकाश राय की कंपनी ने एसबीआई को 350 करोड़ का चूना लगाया है। अहमदाबाद की कांडला एनर्जी एंड केमिकल्स के नाम से संजय की कंपनी ने एसबीआई से लोन लिया था। संजय प्रकाश राय उर्फ संजय शेरपुरिया की कंपनी कांडला एनर्जी एंड केमिकल्स में उसकी पत्नी कंचन संजय प्रकाश राय और मानिक लाल भी डायरेक्टर हैं। कल यूपी एसटीएफ ने संजय शेरपुरिया को विभूति खंड से गिरफ्तार किया था। संजय शेरपुरिया मूलत गाजीपुर का रहने वाला है और दिल्ली में बीजेपी के तमाम बड़े नेताओं को करीबी बताकर चूना लगा रहा था।