निकाय चुनाव को लेकर २४ को सहारनपुर में रैली
लखनऊ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिम उत्तर प्रदेश से निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। 24 अप्रैल को सहारनपुर, शामली और अमरोहा में उनकी जनसभाएं हैं। बता दें कि सीएम योगी भाजपा के टॉप स्टार प्रचारकों में से एक हैं। वहीं नगरीय निकाय चुनाव में अपने प्रचार अभियान को मजबूती देने के लिए भारतीय जनता पार्टी अपने सभी मोर्चों को मैदान में उतारने जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मोर्चों के प्रदेश प्रभारी व प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक कर उन्हें चुनावी मोर्चे पर डटने का निर्देश दिया। बैठक में चौधरी ने कहा कि हमें मोदी-योगी सरकारों के लोककल्याणकारी कार्यों तथा साहसिक व ऐतिहासिक निर्णयों के साथ जनता के बीच जाना है। चुनाव में मोर्चों की सक्रियता पार्टी की बड़ी जीत का कारक होती है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा के प्रचार के लिए युवा मोर्चा प्रत्येक निकाय में नवमतदाता सम्मेलनों के आयोजन के साथ ही बाइक रैलियों के माध्यम से युवाओं से जुड़ेगा। आधी आबादी के बीच पार्टी की पैठ बनाने के लिए महिला मोर्चा हर निकाय में महिला सम्मेलन आयोजित करेगा। साथ ही, टोलियों के माध्यम से सघन घर-घर संपर्क करते हुए महिलाओं से संवाद करेगा। बैठक में धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में नए नगरीय निकाय गठित किये गए हैं। बड़ी तादाद में निकायों का विस्तार हुआ है। नवगठित और विस्तारित निकायों में बड़ी संख्या में गांवों को शामिल किया गया है। किसानों की बड़ी आबादी शहरों व कस्बों में निवास करती है। किसान मोर्चा के कार्यकर्ता टोलियां बनाकर अन्नदाताओं के घर दस्तक देकर उन्हें कृषि क्षेत्र में मोदी-योगी सरकारों के कार्यों की जानकारी देंगे। पिछड़ा वर्ग मोर्चा तथा अनुसूचित वर्ग मोर्चा संगोष्ठियों के माध्यम से पिछड़ों और दलितों के बीच इन वर्गों पर केंद्रित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में बताएंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा अल्पसंख्यकों खासतौर पर मुस्लिमों के बीच सम्मेलनों और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी की अलख जगाएंगे।