प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निकाय चुनाव संपन्न हो गए हैं। इसके साथ ही चुनावी आचार संहिता भी आयोग ने समाप्त कर दी है। लगभग एक महीने बाद आज नगर निगम में संभव दिवस का आयोजन किया गया। बता दें कि संभव दिवस में अधिकारी शहर के लोगों की समस्याओं को सुनते हैं और उनका समाधान कराते हैं। आज संभव दिवस सुबह करीब दस बजे से शुरू हुआ जो दोपहर दो बजे तक चला। हालांकि, आज काफी कम लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। दरअसल, लोगों को पता नहीं था कि आज से संभव दिवस का आयोजन किया जाएगा। संभव दिवस में नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, नगर निगम के निर्माण विभाग, जलकल विभाग, लाइट विभाग आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक संभव दिवस में आठ शिकायतें दर्ज की गई थीं जिन्हें समयबद्घ तरीके से दूर किया जाएगा। शिकायतों का समाधान होने के बाद इनमें से ही किसी एक शिकायतकर्ता से नगर विकास मंत्री एके शर्मा सीधे कॉल कर बात करते हैं। इसलिए नगर निगम भी दर्ज शिकायतों गंभीरता के साथ दूर करता है।