नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। चंद्रयान-३ मिशन की लैंडिंग का लाइव प्रसारण सरकारी स्कूलों में भी दिखाया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं शाम को स्कूल खोले जाने को लेकर शिक्षक संगठनों ने इस पर नाराजगी जाहिर की है। बता दें कि चंद्रयान-३ की लैंडिंग कल शाम छह बजे के आसपास होगी। शाम सवा पांच बजे से इसकी लैंडिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी जिसका लाइव प्रसारण देश भर में देखा जाएगा तो वहीं स्कूली बच्चों को भी विशेष रूप से इसका प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके लिए शाम सवा पांच बजे बेसिक विभाग से सम्बंधित स्कूलों को खोले जाने का निर्देश स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय के महानिदेशक मधुसूदन त्यागी ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्या को जारी किए हैं। हालांकि जिले के सरकारी स्कूलों तक यह निर्देश अभी नहीं पहुंचे हैं लेकिन शासन से निर्देश आने के बाद शिक्षकों ने इसको लेकर नाराजगी दिखाई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा ने कहा कि स्कूलों के पास ऐसी व्यवस्था नहीं है कि वह बच्चों को इसका लाइव प्रसारण दिखा सके। कुछ स्कूलों को छोड दें बाकी स्कूलों में केबल कनेक्शन, प्रोजेक्टर तक नहीं है। ऐसे में बच्चों को लाइव प्रसारण नहीं दिखाया जा सकता। इसके अलावा शाम के समय स्कूल खोलने और फिर बच्चों को सुरक्षित घरों तक पहुंचने की जिम्मेदारी शिक्षकों पर ही होगी। यह किसी भी तरीके से सही नहीं है। वहीं प्रांतीय उपाध्यक्ष अनुज त्यागी ने कहा कि ग्राम पंचायतो में लाइव प्रसारण होना चाहिए। शिक्षक राजकुमार ने कहा कि लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। बच्चों को बुलाया जाएगा इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे। फिलहाल संगठन स्कूल खोलने के मूड में नहीं है। प्रदेश स्तर से भी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं।